डीएवी कथारा में ‘सीसीएल विद्या सारथी’ कोचिंग कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ

डीएवी कथारा में ‘सीसीएल विद्या सारथी’ कोचिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ

 

जगदीश भारती/कथारा : डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा में शनिवार, 26 सितंबर को सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की महत्वाकांक्षी सीएसआर पहल ‘सीसीएल विद्या सारथी’ कोचिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सीसीएल कमांड एरिया के विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

 

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के स्वागत और अभिनंदन के साथ हुई। पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली का संदेश देते हुए विद्यालय की ओर से मंचासीन अतिथियों को हरित पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

इसके बाद अतिथियों एवं विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी. एन. खान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। दीप प्रज्वलन के पश्चात विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सर्वप्रथम डीएवी गान एवं सीसीएल गान प्रस्तुत किया गया। इसके बाद सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति ने समारोह का माहौल भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना दिया।

डीएवी कथारा में सीसीएल विद्या सारथी कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ
डीएवी कथारा में ‘सीसीएल विद्या सारथी’ कोचिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में अतिथि एवं विद्यालय परिवार।

 

विद्यार्थियों को प्राचार्य ने दिया सफलता का मंत्र

 

विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी. एन. खान ने मुख्य अतिथि एवं सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, सत्यनिष्ठा और समय के महत्व का संदेश दिया।

 

उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्त करना या परीक्षा में अंक हासिल करना नहीं है, बल्कि मजबूत चरित्र और उच्च नैतिक मूल्यों का निर्माण करना भी है। जीवन में अनुशासन, सत्यनिष्ठा और समय के महत्व को समझने के साथ निरंतर प्रयास करने से सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है।

 

डॉ. खान ने विद्यार्थियों से परिस्थितियों से घबराए बिना निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘सीसीएल विद्या सारथी’ विद्यार्थियों के लिए अपने भविष्य को बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है और उन्हें इस अवसर का शत-प्रतिशत लाभ उठाना चाहिए।

डीएवी कथारा में सीसीएल विद्या सारथी कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ
डीएवी कथारा में ‘सीसीएल विद्या सारथी’ कोचिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में अतिथि एवं विद्यालय परिवार।

 

जीएम ऑपरेशन विनोद कुमार ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कथारा क्षेत्र के जीएम ऑपरेशन विनोद कुमार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ‘सीसीएल विद्या सारथी’ योजना ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों के सपनों को नई दिशा देने का सराहनीय प्रयास है।

 

उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ कोचिंग कार्यक्रम का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कार्यक्रम से जुड़ने वाले छात्र-छात्राएं आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर अपने माता-पिता, विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

डीएवी कथारा में सीसीएल विद्या सारथी कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ
डीएवी कथारा में ‘सीसीएल विद्या सारथी’ कोचिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में अतिथि एवं विद्यालय परिवार।

 

कई गणमान्य अतिथि रहे मौजूद

 

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सीएसआर के नोडल ऑफिसर तबरेज आलम, सीएसआर मैनेजर अनुराग कुमार, कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक के तकनीकी सहायक राहुल कुमार, डीएवी ललपनिया के प्राचार्य तन्मय बनर्जी, डीएवी स्वांग के वरिष्ठ शिक्षक निर्मल बेहुरा तथा एनसीएसएम के समन्वयक शुभोजीत गुप्ता उपस्थित रहे।

 

इसके अलावा ‘विद्या सारथी’ कार्यक्रम से जुड़े रसायन शास्त्र के शिक्षक रविंद्र महतो एवं गणित के शिक्षक विजय कुमार, जो आईआईटी भिलाई के पूर्व छात्र हैं, भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

डीएवी कथारा में सीसीएल विद्या सारथी कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ
डीएवी कथारा में ‘सीसीएल विद्या सारथी’ कोचिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में अतिथि एवं विद्यालय परिवार।

 

धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ समापन

 

समारोह के अंतिम चरण में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक जितेंद्र दुबे ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके बाद वैदिक शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।

 

कार्यक्रम को सुचारू, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ. आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, टी. एम. पाठक, राकेश रंजन, बी. के. दसौंधी, आराधना, ओशीन, सुमन कुमारी, पुष्पांजलि राव, ममता पात्रा, अर्शिया एजाज, मधुमल्लिका उपाध्याय, अमरनाथ यादव, विमलेश कुमार, आलोक कुमार सिंह, सुधांशु यादव, संगीत कुमार, अश्विनी कुमार, रीति कुमारी, रिया सिन्हा, विकास कुमार सिंह, चंद्रकांत साहू, संदीप मेहता सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

डीएवी कथारा में सीसीएल विद्या सारथी कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ
डीएवी कथारा में ‘सीसीएल विद्या सारथी’ कोचिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में अतिथि एवं विद्यालय परिवार।

 

‘सीसीएल विद्या सारथी’ पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की पहल से क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *