डीएवी कथारा में विद्यार्थियों के आधार एमबीयू अपडेट के लिए विशेष शिविर, अभिभावकों से समय पर पहुंचने की अपील
जगदीश भारती/कथारा : डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा में विद्यार्थियों के आधार एमबीयू (Mandatory Biometric Update) को अपडेट करने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 16 और 18 सितंबर को विद्यालय के सीनियर विंग स्थित सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी कार्यालय (A.R.O. Office) में आयोजित किया जा रहा है।
शिविर का उद्देश्य उन विद्यार्थियों के आधार में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराना है, जिनका एमबीयू अभी तक लंबित है। विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कक्षा के अनुसार अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 सितंबर को एलकेजी से कक्षा द्वितीय तक तथा 18 सितंबर को कक्षा तृतीय से कक्षा षष्ठ तक के विद्यार्थियों के आधार एमबीयू अपडेट की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर का समय प्रातः 9 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार एक दिन में अधिकतम 40 विद्यार्थियों का एमबीयू अपडेट किया जाएगा। वहीं, कक्षा षष्ठ के विद्यार्थियों का आधार अपडेट उनकी परीक्षा समाप्त होने के बाद किया जाएगा।

शिविर में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को अपने आधार कार्ड की छायाप्रति साथ लाना आवश्यक है। इसके साथ ही संबंधित विद्यार्थी के माता-पिता या अभिभावक की उपस्थिति भी अनिवार्य रखी गई है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-I के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी.एन. खान ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए आधार एमबीयू एक आवश्यक प्रक्रिया है। उन्होंने अभिभावकों से निर्धारित तिथि और समय पर अपने बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट कराने तथा विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस सुविधा का समय पर लाभ उठाने की अपील की।

शिविर के सफल संचालन में वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ. आर.एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे और राकेश रंजन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं कार्यालयी कर्मचारियों लाल बाबू प्रसाद यादव, शुभम कुमार, चंचल मन्ना, दीपक कुमार और फिरोज आलम ने भी आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग किया।
विद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से आधार एमबीयू की इस आवश्यक प्रक्रिया को प्राथमिकता देने और निर्धारित समय पर शिविर में उपस्थित होकर अपडेट प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की।