शारदीय नवरात्रि को लेकर कथारा ओपी पुलिस अलर्ट, दुर्गा मंदिरों की सुरक्षा का लिया जायजा
थाना प्रभारी राहुल कुमार राम ने पूजा समितियों के साथ की बैठक, सीसीटीवी, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा इंतजामों की जांच
जगदीश भारती। शारदीय नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और पूजा-अर्चना को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कथारा ओपी पुलिस सतर्क है। नवरात्रि के प्रथम दिन रविवार को ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र के प्रमुख दुर्गा मंदिरों और पूजा स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में थाना प्रभारी सबसे पहले कथारा चार नंबर स्थित मुख्य दुर्गा मंदिर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने बांध कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर का भी जायजा लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों, प्रकाश व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्ग, आपातकालीन निकास द्वार, बैरिकेडिंग तथा भीड़ नियंत्रण से जुड़े इंतजामों की जांच की गई।

पूजा समितियों को सुरक्षा नियमों के पालन का निर्देश
नवरात्रि के दौरान पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए थाना प्रभारी ने दोनों पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बोकारो जिला पुलिस प्रशासन की ओर से दुर्गा पूजा के लिए जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका पालन सुनिश्चित करने को कहा।
थाना प्रभारी ने पूजा समितियों से पंडालों में पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और भीड़ को व्यवस्थित रखने की अपील की। उन्होंने डीजे और अश्लील गानों पर प्रतिबंध संबंधी निर्देशों का पालन करने, अफवाहों से बचने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी पुलिस की नजर
कथारा ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम ने कहा कि नवरात्रि शक्ति की आराधना का पर्व है। इसे शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सहायक अवर निरीक्षक राजू राम सहित पुलिस के जवान मौजूद रहे। वहीं पूजा समिति की ओर से अजय कुमार सिंह, पवन कुमार सिंह, विजय यादव, सी.एस. प्रसाद, हेमू यादव, विक्की चौहान, पप्पू लाला, राजेश पाण्डेय, पुजारी गुप्तेश्वर पाण्डेय, सोनू पाण्डेय और हरिकेश पटेल समेत कई सदस्य उपस्थित थे।