01 रुपये में कांवड़ यात्रा की पूरी व्यवस्था, युवा लायंस फोर्स 14 वर्षों से कर रही शिव भक्तों की सेवा
बोकारो: सावन के पावन महीने में शिव भक्तों की आस्था और सेवा का अनोखा उदाहरण बोकारो में देखने को मिल रहा है। युवा लायंस फोर्स पिछले 14 वर्षों से मात्र 01 रुपये में कांवड़ियों को बाबा के दर्शन कराने की सेवा कर रही है। संगठन की ओर से कांवड़ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पोशाक, गमछा, कांवड़ से लेकर भोजन, फल, मिठाई, चिकित्सा सुविधा और घर वापसी तक की पूरी व्यवस्था की जा रही है।
युवा लायंस फोर्स ने इस वर्ष 09 अगस्त को शिव भक्त कांवड़ियों को महादेव के दर्शन कराने की घोषणा की है। इसी तैयारी को लेकर संगठन की केंद्रीय कमेटी की बैठक बोदरो स्थित आवासीय कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अलकुशा पंचायत के मुखिया रोहित रजक ने की, जबकि संचालन रंजीत शर्मा ने किया।
बैठक में मुख्य रूप से युवा लायंस फोर्स के केंद्रीय अध्यक्ष सह कांग्रेस नेता देव शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी संगठन की ओर से बोल बम जाने वाले श्रद्धालुओं को मात्र एक रुपये की सहयोग राशि में कांवड़ यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आर्थिक रूप से कमजोर भक्तों को बाबा के दर्शन कराने का उद्देश्य
देव शर्मा ने कहा कि युवा लायंस फोर्स का मुख्य उद्देश्य उन शिव भक्तों को बाबा का दर्शन कराना है, जो आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कांवड़ यात्रा में शामिल नहीं हो पाते हैं। संगठन पिछले 14 वर्षों से लगातार यह सेवा कार्य करता आ रहा है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के घर तक कांवड़ यात्रा की सामग्री 08 अगस्त तक पहुंचा दी जाएगी। इसमें कांवड़, पोशाक, गमछा सहित अन्य जरूरी सामान शामिल हैं।
कांड्रा के समीप लगेगा विशाल सेवा शिविर
देव शर्मा ने बताया कि इस वर्ष पहली बार कांड्रा के समीप एक विशाल सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में झारखंड के प्रसिद्ध कलाकार सुदेश सिंह भी मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि शिव भक्तों के लिए भोजन, चिकित्सा और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था के साथ-साथ पूजा-अर्चना के बाद उन्हें वाहन से सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई है।
शिव भक्तों से सेवा अभियान से जुड़ने की अपील
युवा लायंस फोर्स के केंद्रीय अध्यक्ष देव शर्मा ने बाबा गौरीनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मात्र एक रुपये की राशि देकर इस शिव सेवा अभियान से जुड़ें और इस पुण्य कार्य में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि संगठन का प्रयास है कि अधिक से अधिक श्रद्धालु बिना किसी आर्थिक परेशानी के बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर सकें।

