
बोकारो: बोकारो जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा का चयन प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पदक के लिए किया गया है। आगामी 26 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में उन्हें इस सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इस उपलब्धि से पूरे बोकारो में खुशी का माहौल है और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ-साथ आम नागरिक भी उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।
इसी क्रम में बोकारो विकास फोरम के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष अनिल सिंह के नेतृत्व में आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा से मुलाकात कर उन्हें इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतिनिधिमंडल ने उनके उत्कृष्ट पुलिसिंग कार्यों और प्रशासनिक योगदान की सराहना करते हुए इसे पूरे बोकारो जिले के लिए गर्व का विषय बताया।
मुलाकात के दौरान फोरम की सदस्य मीना कुमारी ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्मृति चिन्ह के रूप में आईजी को भेंट की। वहीं, श्वेता सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर उन्हें सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
फोरम अध्यक्ष अनिल सिंह ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि शैलेंद्र कुमार सिन्हा का पुलिस सेवा में योगदान हमेशा उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 में बेहतर पुलिसिंग के लिए उन्हें मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा वर्ष 2017 में भी उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। अब एक बार फिर राष्ट्रपति पदक के लिए उनका चयन होना उनकी उत्कृष्ट सेवा और समर्पण का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि बोकारो जैसे जिले में ऐसे अनुभवी और सम्मानित पुलिस अधिकारी का कार्यरत होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
बोकारो विकास फोरम के प्रतिनिधिमंडल में अनुराग पांडे, वीरेंद्र चौबे, श्वेता सिंह, सुनैना कुमारी, ऋषि कुमार
सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। सभी ने आईजी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।