
आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित लच्छीपुर दिशा रेड लाइट इलाके में ग्राहकों से कथित तौर पर रुपये वसूलने और वाहन की चाबी छीनने के आरोप में नियामतपुर फाड़ी पुलिस ने बाबर खान नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को हिरासत में लिया था, जिसे शनिवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इसी कारण पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ के लिए अदालत से पुलिस हिरासत की मांग करने की तैयारी में है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात झारखंड के रजरप्पा मंदिर जा रहे चार लोग एक स्कॉर्पियो वाहन से सफर कर रहे थे। आरोप है कि लच्छीपुर दिशा इलाके के समीप कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और उन्हें जबरन दिशा इलाके की ओर ले गए।
पीड़ितों का आरोप है कि वहां उनसे 10 हजार रुपये नकद तथा 20 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। घटना के बाद जब वे शिकायत दर्ज कराने के लिए नियामतपुर पुलिस फाड़ी जाने लगे, तो कथित तौर पर कुछ लोगों ने उनका पीछा किया और उनकी स्कॉर्पियो की चाबी भी छीन ली।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निकाला सुरक्षित
घटना की सूचना मिलने के बाद नियामतपुर फाड़ी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ताओं को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से एक बाइक भी जब्त की है, जिसे मामले से जुड़ा महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
पुलिस हिरासत में होगी पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस ने बाबर खान को गिरफ्तार किया। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस कथित वसूली और चाबी छीनने की घटना में उसके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे किसी संगठित गिरोह या अन्य व्यक्तियों की भूमिका तो नहीं है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।