
बोकारो: 15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस की सुबह बोकारो जिले के लिए एक बेहद दुखद खबर लेकर आई। पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के सीधावनी स्थित बोकारो-पुरुलिया मार्ग (एनएच-32) पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा 14 अगस्त की देर रात करीब 11 बजे हुआ। आमाडीह गांव के चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर पश्चिम बंगाल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीधावनी के पास उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 18 वर्षीय धना महतो, 17 वर्षीय बुलेट महतो, 17 वर्षीय डॉक्टर महतो तथा 15 वर्षीय आनंद महतो के रूप में हुई है। सभी मृतक आमाडीह गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, धना महतो रोजगार के सिलसिले में दूसरे शहर में रहता था। वह मनसा पूजा में शामिल होने के लिए शुक्रवार को ही अपने गांव लौटा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि त्योहार की खुशी कुछ ही घंटों में मातम में बदल जाएगी।
घटना के बाद आमाडीह गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक बाइक पर चार लोगों का सवार होना भी हादसे की एक बड़ी वजह हो सकती है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।