JPSC-JSSC विवाद: छात्रों के समर्थन में उतरी भाजपा, हाईकोर्ट की निगरानी में CBI जांच की मांग विधानसभा में उठाने का ऐलान
रांची: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन अब राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। भाजपा ने इस मामले को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाने का फैसला किया है। पार्टी ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच हाईकोर्ट की निगरानी में सीबीआई से कराने की मांग की है।
झारखंड एनडीए विधायक दल की बैठक गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित एनडीए के कई विधायक मौजूद रहे।
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर आंदोलनकारी छात्रों से मिले विधायक
एनडीए विधायक दल की बैठक से पहले भाजपा और एनडीए के नेताओं ने रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर पिछले 12 दिनों से आंदोलन कर रहे JPSC-JSSC अभ्यर्थियों से मुलाकात की। नेताओं ने छात्रों की मांगों को सुना और उनके आंदोलन को समर्थन देने की बात कही।
विधानसभा में छात्रों का मुद्दा उठाएगी भाजपा
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि वर्तमान समय में छात्रों का मुद्दा झारखंड का सबसे बड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा इसे 12 अगस्त तक चलने वाले विधानसभा सत्र में मजबूती से उठाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है।
JPSC परीक्षा में ‘पेपर फिक्स’ के संकेत का लगाया आरोप
नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि JPSC परीक्षा मामले में सिर्फ पेपर लीक ही नहीं, बल्कि पेपर फिक्स होने के संकेत भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
भाजपा ने मांग की है कि भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की जांच हाईकोर्ट की निगरानी में सीबीआई से कराई जाए। साथ ही पार्टी ने वर्ष 2019 के बाद हुई सभी भर्ती परीक्षाओं की जांच की मांग भी की है।
14वीं JPSC PT परीक्षा रद्द करने की मांग
भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार द्वारा कराई जा रही CID जांच को पर्याप्त नहीं बताते हुए 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा (PT) को रद्द करने की मांग दोहराई।
इसके अलावा भाजपा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग भी की।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली के छात्र आंदोलनों का समर्थन करने वाले विपक्षी नेता झारखंड के आंदोलनरत छात्रों से मिलने नहीं पहुंचे।
भाजपा ने कहा कि यदि कांग्रेस भी जांच की मांग कर रही है और राज्य सरकार उसकी बात नहीं मान रही है, तो उसे सरकार से समर्थन वापसी पर विचार करना चाहिए।
फिलहाल JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है और छात्रों की नजर अब सरकार एवं विधानसभा की कार्रवाई पर टिकी हुई है।