पीएम सूर्य घर योजना में यूपी का जलवा, देश के टॉप 100 जिलों में 17 जिले शामिल; लखनऊ बना नंबर-1
लखनऊ: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन किया है। देश के टॉप 100 जिलों में उत्तर प्रदेश के 17 जिलों ने अपनी जगह बनाई है। खास बात यह है कि राजधानी लखनऊ लगातार देश में पहले स्थान पर बना हुआ है।

रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन में उत्तर प्रदेश का दबदबा, देश के टॉप 100 जिलों में 17 जिले शामिल। लखनऊ बना देश का नंबर-1 जिला।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य देशभर में घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर लोगों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ना है। इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में लोग रूफटॉप सोलर सिस्टम अपना रहे हैं।
लखनऊ देश में नंबर-1, वाराणसी और कानपुर भी टॉप में
उत्तर प्रदेश न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (UPNEDA) के अनुसार, लखनऊ जिले ने 1,24,167 रूफटॉप सोलर प्लांट इंस्टॉलेशन के साथ देश में पहला स्थान हासिल किया है।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश में 10वां स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा औद्योगिक शहर कानपुर रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में देश में 14वें स्थान पर है।
सौर ऊर्जा से बिजली बिल में हो रही बचत
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत लोग अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली की खपत कम कर रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिल रही है। वहीं, अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ कमाने का अवसर भी मिल रहा है।
केंद्र सरकार का कहना है कि यूपी के 17 जिलों का देश के टॉप 100 जिलों में शामिल होना राज्य में स्वच्छ ऊर्जा को लेकर बढ़ती जागरूकता और सरकारी योजनाओं के प्रभाव को दर्शाता है।
यूपी में तेजी से बढ़ रहा ग्रीन एनर्जी का दायरा
UPNEDA के निदेशक रविंदर सिंह ने बताया कि लखनऊ में बड़े पैमाने पर लोगों ने रूफटॉप सोलर को अपनाया है, जिसके कारण जिला लगातार देश में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि वाराणसी और कानपुर जैसे शहरों का बेहतर प्रदर्शन यह दिखाता है कि उत्तर प्रदेश में शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों में भी सौर ऊर्जा को लेकर लोगों की रुचि तेजी से बढ़ रही है।
योगी सरकार ने उपलब्धि को बताया बड़ी सफलता
उत्तर प्रदेश सरकार ने इस उपलब्धि को राज्य में ग्रीन एनर्जी और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ी सफलता बताया है। सरकार का कहना है कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आम लोगों को आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के जरिए उत्तर प्रदेश अब स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होता जा रहा है।
इनपुट: एजेंसी