कथारा में इनमौसा की CCL स्तरीय बैठक संपन्न, नई कमेटी के गठन और संगठन को मजबूत बनाने पर कई अहम फैसले

कथारा (बेरमो) |इंडियन नेशनल माइन ऑफिशियल सुपरवाइजरी स्टाफ एसोसिएशन (इनमौसा) की सीसीएल स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को कथारा स्थित स्टाफ रिक्रिएशन क्लब में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इनमौसा सीसीएल अध्यक्ष रामराज सिंह ने की, जबकि संचालन संतोष कुमार मंडल ने किया।
बैठक में सीसीएल के कथारा, बीएंडके, ढोरी, बरकासयाल, राजहरा, चंद्रगुप्त आम्रपाली, मगध-संघमित्रा, अरगड्डा, रजरप्पा, हजारीबाग, गिरिडीह, कुजू, नॉर्थ कर्णपुरा और पिपरवार सहित विभिन्न क्षेत्रों के अध्यक्ष, सचिव एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया।
संगठन में एकता और मजबूती पर हुआ मंथन
बैठक का मुख्य उद्देश्य हाल के दिनों में संगठन के भीतर उत्पन्न विवादों को समाप्त कर संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में चर्चा करना था। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन की वर्तमान स्थिति, भविष्य की रणनीति और संगठनात्मक एकता को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
दो-तीन माह के भीतर नई कमेटी के गठन की तैयारी
बैठक को संबोधित करते हुए इनमौसा सीसीएल अध्यक्ष रामराज सिंह ने कहा कि संगठन में किसी प्रकार का विभाजन नहीं है और इनमौसा एक ही संगठन है। उन्होंने बताया कि कुछ आपसी मतभेदों के कारण संगठन में असमंजस की स्थिति बनी थी, जिसे जल्द ही समाप्त कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आगामी दो से तीन माह के भीतर संगठनात्मक चुनाव कराकर नई कमेटी का गठन किया जाएगा, जिससे सभी विवाद स्वतः समाप्त हो जाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में संगठन में युवाओं को अधिक अवसर और जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
राष्ट्रीय नेतृत्व को स्थिति से अवगत कराने पर जोर
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों ने कहा कि यदि संगठन में किसी प्रकार का मतभेद या भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसे आपसी संवाद और बैठक के माध्यम से दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि सभी महत्वपूर्ण निर्णयों से राष्ट्रीय नेतृत्व को भी अवगत कराया जाए, ताकि संगठन और अधिक मजबूत हो सके।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि संगठन के कुछ वरिष्ठ नेता अस्वस्थ हैं। ऐसे समय में सभी पदाधिकारियों को संयम और धैर्य के साथ कार्य करना चाहिए। गुटबाजी किसी भी संगठन के लिए नुकसानदायक होती है, इसलिए सभी को एकजुट होकर संगठन के हित में कार्य करना चाहिए।
विजय कुमार सिंह को लेकर लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय
बैठक में सीसीएल कमेटी की ओर से यह निर्णय लिया गया कि विजय कुमार सिंह संगठन में उप महासचिव के रूप में अपना दायित्व निभाते रहेंगे तथा उनके नेतृत्व में इनमौसा की विभिन्न समितियां अपने कार्यों का संचालन करेंगी।
इसके साथ ही यह प्रस्ताव भी पारित किया गया कि विजय कुमार सिंह को इनमौसा की केंद्रीय समिति में महासचिव पद पर नियुक्त किए जाने की अनुशंसा की जाएगी।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में इनमौसा सीसीएल अध्यक्ष रामराज सिंह, सुधीर कुमार सिंह, संजय कुमार सिन्हा, हरेंद्र सिंह, विकास कांत सिन्हा, ढोरी सचिव पवन सिंह, तुलसी महतो, डी.पी. मौर्य, अनिल कुमार सिंह, बालेश्वर महतो, मो. नौशाद खान, कृष्णा सिंह, मो. निजाम, सौरभ दुबे, मनोवर अंसारी, राहुल कुमार सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।