JPSC परीक्षा अनियमितता मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, बोकारो में BSL अधिकारी के आवास पर छापेमारी
बोकारो: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामले की जांच तेज हो गई है। इसी क्रम में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने गुरुवार को बोकारो स्टील सिटी सहित राज्य के विभिन्न जिलों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत बोकारो स्टील सिटी सेक्टर-3सी स्थित एक बीएसएल अधिकारी के आवास की भी तलाशी ली गई।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-3सी स्थित आवास संख्या-315 में CID की टीम स्थानीय पुलिस और दंडाधिकारी की मौजूदगी में पहुंची और जांच से जुड़े दस्तावेजों तथा अन्य सामग्रियों की पड़ताल की। यह आवास बीएसएल के अधिकारी सनत प्रकाश से संबंधित बताया जा रहा है। जांच एजेंसी मामले से जुड़े संभावित साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
राज्यभर में 15 से अधिक ठिकानों पर कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, बोकारो के अलावा रांची, पलामू, हजारीबाग और धनबाद समेत राज्य के 15 से अधिक स्थानों पर CID ने एक साथ छापेमारी की है। जांच के दौरान कई शिक्षकों, कोचिंग संचालकों और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े लोगों के ठिकानों की भी जांच की गई।
कई गिरफ्तारियां, जांच का दायरा बढ़ा
JPSC परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक मामले में CID पहले ही पूर्व JPSC अध्यक्ष एल. खियांगते, कुछ बिचौलियों, अभ्यर्थियों और परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी के कर्मचारियों समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
BSL प्रबंधन से मांगी गई जानकारी
जांच के सिलसिले में बोकारो पुलिस ने बीएसएल प्रबंधन से संबंधित अधिकारी की सेवा और नियुक्ति से जुड़ी जानकारी भी मांगी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित अधिकारी ने वर्ष 2021 में बोकारो स्टील प्लांट के ईसीएफ विभाग में सहायक प्रबंधक के रूप में योगदान दिया था।
छात्रों का आंदोलन जारी
14वीं JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। विभिन्न छात्र संगठनों और अभ्यर्थियों द्वारा निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है और विपक्ष सरकार पर लगातार दबाव बना रहा है।
फिलहाल CID की जांच जारी है और एजेंसी मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। आने वाले दिनों में जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।