
रांची: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा (PT) के परिणाम में कथित अनियमितताओं की जांच तेज हो गई है। इसी क्रम में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने गुरुवार को पूर्व आईएएस अधिकारी एल. ख्यांगते के आवास पर छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, CID की विशेष टीम सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूर्व अधिकारी के आवास पहुंची और मामले से जुड़े दस्तावेजों तथा अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की गहन जांच शुरू की। टीम ने कई फाइलों और डिजिटल उपकरणों की भी पड़ताल की, ताकि जांच से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा सकें।
बताया जा रहा है कि 14वीं JPSC PT परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी की जांच के दौरान CID अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एजेंसी पूरे मामले की परत-दर-परत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित अनियमितताओं में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
फिलहाल CID की कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी की ओर से इस छापेमारी को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों और जिम्मेदारियों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।