बेरमो। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य

से बोकारो पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर बुधवार को बेरमो थाना के समीप ट्रैफिक पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल ₹18,000 का चालान काटा गया।
जांच अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर उनके ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का रजिस्ट्रेशन, फिटनेस सर्टिफिकेट, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC), इंश्योरेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। इसके साथ ही तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर विशेष नजर रखी गई।
अभियान का नेतृत्व कर रहे ट्रैफिक अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।