कथारा कोलियरी की बंद क्वायरी से 56 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद, 2-3 दिनों से थे लापता

कथारा कोलियरी की बंद क्वायरी नंबर-2 से 56 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद, 2-3 दिनों से थे लापता

जगदीश भारती/कथारा: कथारा कोलियरी अंतर्गत बंद पड़ी क्वायरी नंबर-2 के पानी से बुधवार को एक 56 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कथारा 1 नंबर कॉलोनी निवासी सैन कुमार के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार, सैन कुमार पिछले दो से तीन दिनों से अपने घर से लापता थे। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह मछली पकड़ने के लिए घर से निकले थे, जिसके बाद वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका।

इसी बीच कथारा कोलियरी की बंद क्वायरी नंबर-2 के पानी में शव होने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही सीसीएल सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।

कथारा कोलियरी की बंद क्वायरी नंबर-2 से 56 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद
कथारा कोलियरी की बंद क्वायरी नंबर-2 से शव बरामद होने के बाद घटनास्थल पर पुलिस और सुरक्षा बल की टीम।

कथारा ओपी प्रभारी राजेश कुमार प्रजापति के नेतृत्व में स्थानीय युवकों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर कथारा कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी रंजीत कुमार, अवनीश कुमार, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंटू कुमार तथा कथारा ओपी प्रभारी राजेश कुमार प्रजापति पुलिस एवं अन्य कर्मियों के साथ मौजूद रहे।

कथारा कोलियरी की बंद क्वायरी नंबर-2 से 56 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद
कथारा कोलियरी की बंद क्वायरी नंबर-2 से शव बरामद होने के बाद घटनास्थल पर पुलिस और सुरक्षा बल की टीम।

परिजनों के अनुसार, सैन कुमार अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *