केबी कॉलेज बेरमो में हिंदी विभाग का विदाई समारोह, फाइनल छात्रों को मिली शुभकामनाएं

केबी कॉलेज बेरमो के हिंदी विभाग में आयोजित विदाई समारोह

केबी कॉलेज बेरमो के हिंदी विभाग में विदाई समारोह, फाइनल सेमेस्टर के विद्यार्थियों को दी गई शुभकामनाएं

बेरमो। करगली स्थित केबी कॉलेज बेरमो के हिंदी विभाग की ओर से चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के फाइनल सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य लक्ष्मी नारायण की अध्यक्षता एवं हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. मधुरा केरकेट्टा के नेतृत्व में जंतु शास्त्र सभागार में किया गया। समारोह का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर एकाग्रता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें तो कोई भी मंजिल ऐसी नहीं है, जिसे प्राप्त नहीं किया जा सकता।

कॉलेज के प्रो इंचार्ज प्रो. गोपाल प्रजापति ने विद्यार्थी जीवन को जीवन का स्वर्णिम अवसर बताते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन बार-बार प्राप्त नहीं होता। यह समय व्यक्ति के भविष्य और व्यक्तित्व के निर्माण का महत्वपूर्ण दौर है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने की आदत विकसित करने और अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने का आह्वान किया।

हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. मधुरा केरकेट्टा ने अपने संबोधन में साहित्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साहित्य केवल शिक्षा प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मनुष्य को संवेदनशील बनाने और एक बेहतर इंसान के रूप में विकसित करने की शक्ति रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।

हिंदी विभाग के डॉ. अरुण रंजन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे जीवन में निरंतर प्रगति करते रहें तथा अपने विभाग और कॉलेज का नाम रोशन करें। उन्होंने विद्यार्थियों के आगामी जीवन के लिए सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर कॉलेज के विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने भी फाइनल सेमेस्टर के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विदाई समारोह के दौरान फाइनल सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने कॉलेज में बिताए अपने चार वर्षों के अनुभवों को साझा किया। विद्यार्थियों ने कॉलेज जीवन से जुड़ी यादों, अनुभवों और शिक्षकों के मार्गदर्शन को भावुक अंदाज में याद किया।

कार्यक्रम को और भी यादगार बनाने के लिए जूनियर सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। गीत, संगीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने समारोह में समां बांध दिया।

कार्यक्रम का मंच संचालन हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अरुण रंजन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. मधुरा केरकेट्टा द्वारा किया गया।

समारोह में कॉलेज के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण, प्रो इंचार्ज प्रो. गोपाल प्रजापति, विभिन्न विभागों के प्राध्यापक, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह विद्यार्थियों के लिए भावनात्मक और यादगार पलों से भरा रहा।

केबी कॉलेज बेरमो के हिंदी विभाग में आयोजित विदाई समारोह
केबी कॉलेज बेरमो के हिंदी विभाग में आयोजित विदाई समारोह में उपस्थित प्राचार्य, शिक्षक एवं विद्यार्थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *