महिला समानता दिवस की पूर्व संध्या पर NSS का जागरूकता अभियान, बोरिया उत्तरी में घर-घर पहुंचा लैंगिक समानता का संदेश

बेरमो: महिला समानता दिवस (26 अगस्त) की पूर्व संध्या पर केबी कॉलेज, बेरमो की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से मंगलवार को गोद लिए गए गांव बोरिया उत्तरी में लैंगिक समानता को लेकर विशेष डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों के बीच महिलाओं और पुरुषों को समान अधिकार, शिक्षा, रोजगार, सम्मान एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
यह जागरूकता अभियान कॉलेज के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण के निर्देश पर तथा NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रभाकर कुमार के नेतृत्व एवं अगुवाई में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुखिया श्रीमती लोकेश्वरी देवी ने की।
महिला अधिकारों और लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता जरूरी
इस अवसर पर प्राचार्य लक्ष्मी नारायण ने कहा कि महिला समानता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के अधिकारों और लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अवसर और अधिकार मिलने से ही समाज का समग्र विकास संभव है।
वहीं कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रभाकर कुमार ने कहा कि महिला समानता दिवस महिलाओं के समान अधिकार, शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर समाज का ध्यान केंद्रित करने का अवसर देता है।
उन्होंने कहा, “महिला और पुरुष समाज की गाड़ी के दो पहिए हैं। दोनों की समान हिस्सेदारी के बिना देश और समाज आगे नहीं बढ़ सकता। महिलाओं और पुरुषों को समान अधिकार और समान अवसर मिलना चाहिए।”
पोस्टर और स्लोगन के जरिए दिया जागरूकता संदेश
अभियान के दौरान NSS के स्वयंसेवकों ने पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से ग्रामीणों को लैंगिक समानता का संदेश दिया। स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया और महिलाओं के अधिकार, शिक्षा, रोजगार, सम्मान तथा सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जागरूक किया।
अभियान में NSS स्वयंसेवकों सुमीत कुमार सिंह, अमन तिवारी, कौशल चन्द्र डे, शहजादी, प्रकाश कुमार, अंतरा कुमारी, रिया कुमारी और करण कर्मकार सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की भी सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर समय महतो, बिमल महतो, सुन्नी कुमार महतो, देगलाल महतो, जितेंद्र कुमार महतो, कुलेश्वर महतो, बासुदेव महतो सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
NSS इकाई के इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में लैंगिक समानता को लेकर जागरूकता फैलाने और महिलाओं को समाज में बराबरी का अधिकार एवं सम्मान दिलाने का संदेश दिया गया।